डीएम के निर्देश पर जीविका दीदियों ने स्कूली छात्रों संग निकाली मतदाता जागरूकता रैली चुनाव लोकतंत्र का महापर्व : डीपीएम जीविका
शिवहर ज़िला पदाधिकारी, शिवहर के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों के विद्यालयों में जीविका दीदियों ने स्कूली छात्रों के साथ मतदाता जागरूकता प्रभात फेरी निकाली और मतदाता शपथ ग्रहण किया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मौलागंज (कुशहर) में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका श्री अभिनव प्रिय ने कहा कि “चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है, जो प्रत्येक पाँच वर्ष में आता है। यह वह अवसर है जब जनता अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार प्राप्त करती है। अतः प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।”
उन्होंने सभी दीदियों से अपील की कि वे अपने गाँव-समाज में मतदाता जागरूकता बढ़ाने और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने में अग्रणी भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रीय समन्वयक श्री पुष्परंजन कुमार ने जीविका दीदियों एवं विद्यालय के छात्रों को मतदाता शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के पश्चात् प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें “मतदान करें, लोकतंत्र को सशक्त बनाएं” जैसे प्रेरक नारे लगाए गए। इस अवसर पर प्रबंधक (कृषि) अनिल कुमार, प्रबंधक (सामाजिक विकास) श्री ओसामा हसन, जीविका के विभिन्न कैडर एवं बड़ी संख्या में दीदियाँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का माहौल उत्साह एवं जागरूकता से परिपूर्ण रहा।