तेजस्वी यादव ने शकील अहमद खान के लिए प्रचार किया
दैनिक बिहार साहिल सिंह कटिहार
कटिहार-बोले उम्र कच्ची पर जुबान पक्की, 20 महीने में करेंगे 20 साल का काम"तेजस्वी यादव ने कदवा विधानसभा क्षेत्र के पर्भेली मैदान में महागठबंधन प्रत्याशी डॉ. शकील अहमद खान के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने जनता से डॉ. खान को दोबारा विधायक बनाने की अपील की। इस दौरान लगभग पांच हजार लोग तेजस्वी यादव को सुनने के लिए मौजूद थे। उनके मंच पर पहुंचते ही जनता ने 'तेजस्वी यादव जिंदाबाद' और 'महागठबंधन जिंदाबाद' के नारे लगाकर उनका जोरदार स्वागत किया।तेजस्वी यादव ने मंच से 11 तारीख को 'हाथ छाप' पर एक-एक वोट देकर डॉ. शकील अहमद खान को जिताकर विधानसभा भेजने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे नई सरकार बनेगी और नया बिहार का निर्माण होगा।उन्होंने जनता से महागठबंधन को एक मौका देने की अपील करते हुए कहा कि पिछले 20 सालों से एनडीए को मौका दिया गया, लेकिन आज भी बिहार गरीबी, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रति व्यक्ति आय पूरे देश में सबसे कम बिहारियों की है।तेजस्वी यादव ने बिहार में कल-कारखानों, उद्योगों और धंधों की कमी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसान तबाह और परेशान हैं, और लोगों को इलाज, पढ़ाई व कमाई के लिए बाहर जाना पड़ता है। इसलिए सरकार बदलना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि एनडीए को 20 साल मिले, उन्हें सिर्फ 20 महीने दिए जाएं। तेजस्वी ने दावा किया कि जो काम 20 साल में नहीं हुआ, वह 20 महीने में पूरा करेगा। उन्होंने अपनी बात दोहराई, "तेजस्वी जो कहता है, वह करता है।" उन्होंने महागठबंधन सरकार के दौरान पांच लाख सरकारी नौकरियां देने का भी जिक्र किया और कहा, "भले ही उम्र कच्ची हो, पर हमारी जुबान पक्की है।"
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने हेलीकॉप्टर को ट्रैक्टर बना दिया है, और उनके एक ट्रैक्टर को रोकने के लिए 30-30 हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं। उन्होंने चुनौती दी कि मोदी जी चाहें बाहर से बुलाएं या 30-50 हेलीकॉप्टर लगाएं, "तेजस्वी बिहार का बेटा है, रुकने वाला नहीं है। एक बिहारी सब पर भारी है।"